मयना में भाजपा को झटका, 500 परिवार तृणमूल में शामिल
पूर्व मेदिनीपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच, पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले में, जिसे शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है। यहां भारतीय जनता पार्टी में बड़ा टूट देखने को मिला है। रविवार शाम भाजपा छोड़कर मयना के गोजिना ग्राम पंचायत सदस्य समेत करीब 500 परिवार तृणमूल में शामिल हो गए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अधिकारी के जिले में भाजपा में आई यह टूट सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस को अतिरिक्त मजबूती दे सकती है।
2026 का विधानसभा चुनाव बंगाल भाजपा के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने की चुनौती शुभेंदु अधिकारी ने ली है, लेकिन उससे पहले ही अपने ही जिले में उन्हें चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले मयना के भाजपा नेता चंदन मंडल तृणमूल में शामिल हुए थे। अब स्थानीय तृणमूल नेतृत्व के हाथों उनकी पत्नी खुकुरानी मंडल और गोजिना ग्राम पंचायत सदस्य काकली चौधरी भी तृणमूल में शामिल हो गईं। इसके साथ ही इलाके के लगभग 500 परिवारों ने भी तृणमूल का दामन थाम लिया। इस दल-बदल के बाद भाजपा गोजिना ग्राम पंचायत से बाहर हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले पंचायत चुनाव में इस पंचायत में भाजपा के 10 सदस्य और तृणमूल के सात सदस्य थे। भाजपा से तृणमूल में शामिल होने के बाद भाजपा के सदस्यों की संख्या घटकर आठ रह गई, जबकि तृणमूल के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।
हालांकि, स्थानीय भाजपा नेतृत्व का दावा है कि आगामी चुनाव पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
इस दल-बदल को लेकर स्थानीय तृणमूल नेतृत्व का कहना है कि भाजपा का पतन शुरू हो गया है और आगामी चुनाव में इसका असर साफ दिखाई देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

