home page

पूर्व जादवपुर के यमुनानगर में विवाद के बाद हिंसा

 | 
पूर्व जादवपुर के यमुनानगर में विवाद के बाद हिंसा


कोलकाता, 30 मार्च (हि. स.)। कोलकाता के पूर्व जादवपुर थाना क्षेत्र के यमुनानगर इलाके में सोमवार सुबह अचानक हिंसा भड़क उठी। इलाके में गोली चलने की खबर के बाद भारी तनाव फैल गया। इस घटना में कई स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तेज रफ्तार में बाइक चलाने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। आरोप है कि तेज रफ्तार में बाइक चलाने का विरोध करने पर कुछ असामाजिक तत्वों ने एक स्थानीय युवक की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, युवक के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद इलाके के लोग आक्रोशित हो उठे और आरोपितों के घर के सामने जाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि बाहर से कुछ असामाजिक तत्वों को बुलाया गया, जिन्होंने इलाके में धारदार हथियारों से कई लोगों पर हमला किया। इलाके में खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इसी दौरान इलाके में गोली चलने की आवाज सुनने का भी दावा स्थानीय लोगों ने किया है, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। हालांकि, पुलिस गोली चलने की घटना की सत्यता की जांच कर रही है।

सूचना पाकर पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल भी तैनात किया गया।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता