बर्धमान के यूआईटी बिल्डिंग स्थित स्ट्रॉन्गरूम को लेकर नया विवाद
कोलकाता, 02 मई (हि.स.)। मतदान खत्म होने के बाद बर्धमान के यूआईटी बिल्डिंग स्थित स्ट्रॉन्गरूम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। देर रात स्ट्रॉन्गरूम की छत पर एक संदिग्ध व्यक्ति के दिखने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी माहौल गरमा गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
बर्धमान उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय दास ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्ट्रॉन्गरूम में ईवीएम रखने के बाद से ही कई तरह की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। खासकर रात के समय बार-बार सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि देर रात बिल्डिंग की छत पर कुछ लोगों की आवाजाही और हथौड़े जैसी आवाजें सुनी गईं, जिससे सुरक्षा पर संदेह और बढ़ गया है। इस पूरे मामले की वीडियो सहित शिकायत चुनाव आयोग को दी गई है।
वहीं पूर्व बर्धमान जिला तृणमूल छात्र परिषद के अध्यक्ष स्वराज घोष ने भी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सीसीटीवी मॉनिटरिंग के दौरान बार-बार कैमरे बंद हो रहे हैं और रिकॉर्डिंग का समय भारतीय समय से 1–2 मिनट आगे दिखा रहा है। इससे किसी भी घटना का सही समय तय करना मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इतने संवेदनशील इलाके में 24 घंटे तकनीशियन की मौजूदगी जरूरी है, लेकिन ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
इसके अलावा, देर रात स्ट्रॉन्गरूम के आसपास अज्ञात लोगों की गतिविधियां और असामान्य आवाजों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि चुनाव आयोग ने सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने का भरोसा दिया है, लेकिन लगातार उठ रहे सवालों से प्रशासन की भूमिका पर संदेह गहराता जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

