home page

गृहिणी ने की आत्महत्या, परिजनों का दावा - बांग्लादेश भेजे जाने के डर से थी तनावग्रस्त

 | 
गृहिणी ने की आत्महत्या, परिजनों का दावा - बांग्लादेश भेजे जाने के डर से थी तनावग्रस्त


पूर्व बर्दवान, 27 मई (हि. स.)। जिले के कालना थाना क्षेत्र के कंपनीडांगा इलाके में वोटर लिस्ट से नाम कटने और बाद में दोबारा नाम जुड़ जाने के बावजूद गलतफहमी और मानसिक तनाव में घिरी एक गृहिणी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का नाम मनु बीबी बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पहले उनका नाम वोटर लिस्ट से हट गया था। बाद में सुनवाई के बाद उनका नाम फिर से सूची में जुड़ गया। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में मतदान भी किया था। लेकिन मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा दिया गया बूथ स्लिप कहीं खो जाने के बाद वह लगातार चिंता में रहने लगीं।

परिजनों के मुताबिक, आसपास के लोगों की बातें और विभिन्न खबरें सुनकर उनके मन में यह डर बैठ गया था कि बूथ स्लिप खो जाने की वजह से कहीं उन्हें बांग्लादेश न भेज दिया जाए। वह इस डर और भ्रम को लेकर अक्सर अपनी बेटी से फोन पर बात करती थीं। परिवार के लोगों ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन उनके मन से यह भय दूर नहीं हो सका।

बुधवार सुबह घर में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बुधवार को कालना अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा