पूर्व बर्दवान में आयकर विभाग की दबिश, गैर सरकारी अस्पताल और राइस मिल पर छापा
पश्चिम बर्दवान, 14 जुलाई (हि.स.)।
पूर्व बर्दवान जिले में मंगलवार सुबह आयकर विभाग (इनकम टैक्स) ने
एक गैर सरकारी अस्पताल तथा रायना स्थित बर्दवान एग्रो राइस मिल में एक साथ छापेमारी की।
केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीएपीएफ) की सुरक्षा में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से बर्दवान शहर और रायना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आयकर विभाग की टीम ने बर्दवान के जीटी रोड स्थित किशोलॉय चिल्ड्रेन हॉस्पिटल तथा रायना स्थित बर्दवान एग्रो राइस मिल में एक साथ जांच शुरू की।
केंद्रीय बल के जवानों की मौजूदगी में अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के कार्यालयों में वित्तीय दस्तावेज, आय-व्यय का ब्योरा, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच की।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की कई टीमें इस संयुक्त अभियान में शामिल हैं। जांच के दौरान अस्पताल और राइस मिल से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान दोनों परिसरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
हालांकि, आयकर विभाग ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी किस मामले में की गई है। जांच में क्या बरामद हुआ है, इसे लेकर भी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल दोनों स्थानों पर जांच जारी है। माना जा रहा है कि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग इस मामले में आगे की जानकारी साझा कर सकता है। इस कार्रवाई पर पूरे जिले की नजर बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

