पूर्व बर्धमान की 16 विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्वक मतदान जारी
आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
पूर्व बर्धमान जिले की 16 विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जिले के कुल 37,71,757 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 19,15,117 पुरुष, 18,56,593 महिला और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि कुछ स्थानों पर ईवीएम मशीनों में खराबी की सूचना मिलने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि पूर्व बर्धमान जिले की जिन 16 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें कालना, मेमारी, कटवा, मंगलकोट, आउसग्राम, गुस्करा, भातार, बर्धमान उत्तर, बर्धमान दक्षिण, रैना, जमालपुर, खंडघोष, गलसी, पांडवेश्वर सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े कुछ हिस्से, पूर्वस्थली दक्षिण और पूर्वस्थली उत्तर शामिल हैं। सभी सीटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही कई बूथों पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं। गलसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 65 पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका, जिससे मतदाताओं को काफी परेशानी हुई। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि वे सुबह 5 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी वोटिंग शुरू नहीं हुई। मतदाताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बूथ के बाहर बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे उन्हें धूप और गर्मी में खड़ा रहना पड़ा।
इसी तरह बर्धमान दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 140 पर भी ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। गलसी विधानसभा के भरतपुर बूथ संख्या 88 पर भी ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। हालांकि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीनों को ठीक करने और मतदान सामान्य करने की कोशिश शुरू कर दी।
वहीं, गलसी विधानसभा क्षेत्र के बुदबुद मॉडल बूथ संख्या 130 और 131 पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हुआ। यहां मतदाता व्यवस्थित तरीके से कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। कई जगहों पर पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया।
प्रशासन का दावा है कि जिले के अधिकांश बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और जहां कहीं तकनीकी दिक्कतें आई हैं, उन्हें जल्द दूर किया जा रहा है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

