पूर्व बर्दवान जिले में विधायक के नाम पर वसूली का आरोप
पूर्व बर्दवान 18 सितंबर (हि. स.)। शासक दल के नेताओं का नाम भुनाकर कथित तौर पर वसूली किए जाने की शिकायतें सामने आने के बाद मेमारी के भाजपा विधायक मानव गुहा ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के मंच से विधायक ने कथित वसूली करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके नाम का इस्तेमाल कर पैसे मांगने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार सुबह मानव गुहा ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों से मेमारी में वसूली बंद करने की बात कही जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग कथित तौर पर इस गतिविधि में लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं दुकानदारों के पास जाकर विधायक का नाम लेकर पांच हजार रुपये मांगे जा रहे हैं, तो कहीं सबमर्सिबल लगाने, पानी की लाइन दिलाने या अवैध निर्माण की अनुमति दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायतें मिल रही हैं। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि यदि कोई उनके नाम पर पैसे मांगता है तो ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि मामला केवल मेमारी नगरपालिका क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचायत इलाकों में भी यदि उनके नाम का इस्तेमाल कर किसी से पैसे मांगे जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचेंगे और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
विधायक ने यह भी कहा कि कथित वसूली करने वाला व्यक्ति किस राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है, यह उनके लिए मुख्य मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए कुछ लोग और भाजपा के कुछ नेता-कर्मचारी भी ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने यह जांचने की जरूरत बताई कि पुराने आपराधिक तत्व कहीं नए सिरे से भाजपा में शामिल होकर इस तरह की गतिविधियों में तो शामिल नहीं हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य किसी दल विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि मेमारी क्षेत्र में वसूली की गतिविधियों को रोकना है।
मानव गुहा ने अवैध निर्माण और नगरपालिका की अनुमति के बिना विभिन्न कार्य किए जाने के मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नगरपालिका की अनुमति के बिना किसी तरह का निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए। सबमर्सिबल लगाने, पानी की लाइन बिछाने या मकान निर्माण सहित प्रत्येक कार्य के लिए निर्धारित नियमों के तहत अनुमति लेना जरूरी है।
विधायक ने आम लोगों से भी अपील की कि वे अवैध तरीके से किसी सुविधा का लाभ लेने के लिए कथित वसूली करने वालों को पैसे न दें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करते हुए काम कराने की आदत विकसित करनी होगी और वसूली की किसी भी शिकायत की जानकारी प्रशासन को देनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

