home page

आउसग्राम के ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल लालन उर्फ ‘दाता लालन’ गिरफ्तार

 | 
आउसग्राम के ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल लालन उर्फ ‘दाता लालन’ गिरफ्तार


पूर्व बर्दवान, 26 जून (हि. स.)। पूर्व बर्दवान जिले के आउसग्राम में शुक्रवार को राजनीतिक माहौल अचानक गर्म हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस के आउसग्राम-1 ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल लालन उर्फ ‘दाता लालन’ को रंगदारी वसूली समेत कई आपराधिक मामलों में गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी मामले में उनके बेटे अफजल रहमान उर्फ संजू को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कई दिनों तक फरार रहने के बाद आखिरकार दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों आरोपितों को बर्दवान जिला अदालत में पेश किया गया। थाने से बाहर लाने के दौरान वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जब वहां मौजूद लोगों के एक हिस्से ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की ओर अंडे भी फेंके गए। हालात को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

किसी भी संभावित हमले या अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने अब्दुल लालन को हेलमेट पहनाकर पुलिस वैन में बैठाया। उनके चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया गया और फिर पुलिस सुरक्षा में उन्हें अदालत ले जाया गया।

इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए थाने और अदालत परिसर में लोगों की भारी भीड़ और उत्सुकता देखी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रंगदारी वसूली, मारपीट, धमकी देने, चोरी और अन्य आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों को एक साथ अदालत में पेश किया गया। अदालत परिसर में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में दाता लालन ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति जैसी है, उसी तरह हमें चलना होगा।

पुलिस के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस ) की धारा 448, 323, 325, 354, 379, 427, 506 और 34 के तहत दर्ज किया गया है। केस नंबर 209/26 बताया गया है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है। इसी कारण अदालत से पुलिस हिरासत की मांग की गई है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में लंबे समय से रंगदारी वसूली, प्रभाव जमाने और आम लोगों पर दबाव बनाने की शिकायतें सामने आती रही थीं।

विपक्षी दलों का आरोप है कि अब जाकर प्रशासन ने कार्रवाई की है।

इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित से पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा