पूर्व बर्धमान में पूर्व तृणमूल विधायकों पर कार्रवाई, तपन चटर्जी गिरफ्तार
पूर्व बर्दवान, 31 मई (हि. स.)। जिले में रविवार को दो पूर्व तृणमूल विधायकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की गई। पूर्वस्थली उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक तपन चटर्जी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि बर्धमान दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक खोकन दास को उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस ने केंद्रीय बलों की मौजूदगी में तपन चटर्जी के आवास पर छापेमारी की। तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में सरकारी तिरपाल, फुटबॉल तथा अन्य सामग्री बरामद किए गए। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस वैन से थाने ले जाते समय कुछ लोगों ने उनके खिलाफ चोर-चोर के नारे भी लगाए। बाद में पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी ओर, पूर्व तृणमूल विधायक खोकन दास को पूर्व बर्धमान जिला पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के निकट हंडिया थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया। उनके खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें हिरासत में लेने के दौरान उनके खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाए गए।
दोनों पूर्व विधायकों के खिलाफ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

