home page

गोघाट के हिमघर के बाहर पंजाब से आए आलू बीज से लदे ट्रक फंसे, चालक और मालिक परेशान

 | 
गोघाट के हिमघर के बाहर पंजाब से आए आलू बीज से लदे ट्रक फंसे, चालक और मालिक परेशान


हुगली, 02 नवंबर (हि. स.)। आलू की समस्या अब किसानों से लेकर कारोबारियों तक के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। इसी बीच, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट में पंजाब से आलू बीज लेकर पहुंचे ट्रक चालक और मालिक मुश्किल में पड़ गए हैं। कई दिनों से ट्रक हिमघर के बाहर खड़े हैं, लेकिन उनमें लदे आलू बीज को उतारा नहीं जा रहा है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गोघाट के भीकदास हिमघर परिसर में सोमवार को ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। ट्रक चालकों का आरोप है कि वे पंजाब से लंबी दूरी तय कर आलू बीज लेकर यहां पहुंचे, लेकिन निर्धारित समय पर ट्रकों को खाली नहीं किया जा रहा है। उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।

चालकों के मुताबिक, लगातार ट्रक खड़े रहने से भाड़े और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ रहा है। वहीं, गाड़ियां फंसी होने के कारण वे दूसरे परिवहन कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। इसका सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ रहा है। ट्रक मालिकों को भी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

अब सवाल उठ रहा है कि पंजाब से आलू बीज लेकर पहुंचने के बावजूद ट्रकों को हिमघर में खाली क्यों नहीं किया जा रहा है? क्या हिमघर के अंदर भंडारण की जगह की कमी है या इसके पीछे कोई प्रशासनिक अथवा प्रबंधन संबंधी समस्या है?

प्रभावित ट्रक चालकों और मालिकों ने समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय