पूजा पर यात्रियों को राहत, दक्षिण पूर्व रेलवे चलाएगा दो स्पेशल ट्रेनें
खड़गपुर, 25 सितंबर (हि. स.)। पूजा त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने दो पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें सांतरागाछी-दीघा और शालीमार-खुरदा रोड के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने शुक्रवार को दोनों ट्रेनों की समय-सारणी जारी की।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 02847 सांतरागाछी-दीघा पूजा स्पेशल 13 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन सांतरागाछी से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर दोपहर 12:45 बजे दीघा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02848 दीघा-सांतरागाछी पूजा स्पेशल इसी अवधि में मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 01:10 बजे दीघा से रवाना होकर शाम 4:50 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। रास्ते में उलुबेरिया, बागनान, मेचेदा, तमलुक और कांथी में इसका ठहराव होगा।
इसी तरह गाड़ी संख्या 08043 शालीमार-खुरदा रोड पूजा स्पेशल 12 अक्टूबर से नौ नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन शाम 5:55 बजे शालीमार से रवाना होकर अगले दिन तड़के 2:45 बजे खुरदा रोड पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08044 खुरदा रोड-शालीमार पूजा स्पेशल 13 अक्टूबर से 10 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 6:45 बजे खुरदा रोड से रवाना होकर दोपहर तीन बजे शालीमार पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्र में इस ट्रेन का ठहराव सांतरागाछी, खड़गपुर और बालेश्वर स्टेशनों पर होगा। रेलवे ने बताया, पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

