home page

महापंचमी पर विशेष जरूरतों वाले 290 बच्चों के लिए सिलीगुड़ी में पूजा परिक्रमा का आयोजन

 | 

सिलीगुड़ी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा की खुशियां सभी के बीच बांटने के उद्देश्य से महापंचमी की सुबह राज्य के पर्यटन विभाग और स्वयंसेवी संस्था ‘उत्तरण’ की ओर से विशेष पहल की गई। नॉर्थ बंगाल हैंडीकैप रिहैबिलिटेशन सोसाइटी के सहयोग से विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए सिलीगुड़ी में पूजा परिक्रमा का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में करीब 290 बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए। उनके लिए सिलीगुड़ी शहर के कुल 14 पूजा पंडालों के दर्शन की व्यवस्था की गई है। गुरुवार सुबह बाघाजतिन पार्क से विशेष रूप से सजाई गई बसों को राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष और उत्तरण संस्था के प्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि दुर्गापूजा केवल व्यक्तिगत खुशी या क्लबों तक सीमित उत्सव नहीं है। विशेष जरूरतों वाले बच्चों और बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा करने से ही उत्सव की सार्थकता पूरी होती है। इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। बच्चों के लिए पूजा पंडालों के दर्शन के साथ पूरे दिन खानपान और मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है।

शहर के विभिन्न पूजा पंडालों को करीब से देखने और दोस्तों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का अवसर पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार