पूजा से पहले अस्थायी दुकानों पर कार्रवाई की चेतावनी, चुंचुड़ा में छोटे व्यापारी परेशान
हुगली, 22 सितंबर (हि. स.)। दुर्गापूजा से पहले चुंचुड़ा में अस्थायी दुकानों को हटाने को लेकर छोटे कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार को चुंचुड़ा थाना प्रभारी उत्तम शर्मा और ट्रैफिक इंस्पेक्टर कौशिक कुंडू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चुंचुड़ा घड़ी मोड़ से आखनबाजार मैदान के किनारे होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय जाने वाली सड़क के किनारे लगी अस्थायी दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को जगह खाली करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भी लोक निर्माण विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर इलाके के अस्थायी दुकानदारों को जगह खाली करने का निर्देश दिया था। पूजा से पहले दुकानें हटाए जाने की आशंका को लेकर कारोबारियों ने चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग से संपर्क किया था। दुकानदारों का दावा है कि विधायक ने उन्हें फिलहाल दुकानें नहीं हटाए जाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, मंगलवार को पुलिस के दोबारा अभियान चलाने से दुकानदारों में नए सिरे से चिंता पैदा हो गई है। लंबे समय से इस इलाके में कई लोग फल बेचकर, तो कुछ चना-बादाम बेचकर अपना परिवार चलाते हैं। इसके अलावा मैदान के किनारे और चुंचुड़ा ऑफिसपाड़ा इलाके में छोटी चाय और फास्ट फूड की दुकानें भी हैं।
पुलिस की ओर से दुकानदारों को बुधवार तक दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक दुकानें नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से उन्हें तोड़ा जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि फुटपाथ पर दुकानें लगने से पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। इसी वजह से फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पूजा से ठीक पहले दुकानें हटाए जाने के निर्देश से छोटे व्यापारी अपनी आजीविका को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि अचानक दुकानें हटाने पर परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

