शुभेंदु अधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं जन शिकायतें
कोलकाता, 24 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुनने के उद्देश्य से आयोजित ‘जनता के दरबार’ कार्यक्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य मुख्यालय में साल्टलेक, कोलकाता में आयोजित किया गया।
इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याएं, मांगें और शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। नागरिकों ने प्रशासनिक सेवाओं, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित विभागों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि ‘जनता के दरबार’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को सरकार के शीर्ष स्तर तक सीधे अपनी समस्याएं पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उनका मानना है कि इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

