पब मैनेजर को जान से मारने की धमकी, ठेकेदार गिरफ्तार
मालदा, 08 अगस्त (हि.स.)। पब मैनेजर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भक्तिनगर थाना पुलिस ने एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम गोपाल शील बताया गया है, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर रायगंज से पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले महीने के अंत में एक मंत्री के साथ खींची गई तस्वीर को पब के अंदर एक बड़े स्क्रीन पर दिखाकर जन्मदिन पार्टी मनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने पर पब मालिक ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी थी। इस शिकायत में पब प्रबंधन की ओर से गोपाल शील और दो स्थानीय भाजपा नेताओं पर पैसे की मांग करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
आरोप है कि जैसे ही यह शिकायत सार्वजनिक हुई, आरोपित गोपाल शील भड़क गया और उसने पब मैनेजर को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इस धमकी से घबराए मैनेजर ने बीते गुरुवार को भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह उसे सिलीगुड़ी लाया गया और बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब इस मामले में यह जांच कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके पीछे की असली वजह क्या है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

