home page

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप पर आदिवासी समुदाय ने किया प्रदर्शन

 | 
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप पर आदिवासी समुदाय ने किया प्रदर्शन


झाड़ग्राम, 30 अगस्त (हि. स.)। नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर झाड़ग्राम के बेलपहाड़ी इलाके में रविवार को भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। आदिवासी समुदाय और स्थानीय लोगों ने शिलदा-बांकुड़ा पांच नंबर राज्य राजमार्ग को जाम कर न्याय की मांग की। महिला प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, पिछले रविवार एक स्कूल छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप एक टोटो चालक पर लगा था। आरोप है कि छात्रा गांव से टोटो में ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। रास्ते में चालक ने टोटो रोककर उसे जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

सोमवार को छात्रा के ट्यूशन और स्कूल नहीं जाने पर उसकी मां ने पूछताछ की, जिसके बाद परिवार को घटना की जानकारी मिली। परिवार की शिकायत के आधार पर बेलपहाड़ी थाना पुलिस ने मंगलवार को रूप कुमार दास नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया।

परिवार के एक सदस्य ने आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की। भारत जकात सांताड़ पाटुवा राज्य समिति के सदस्य सरक हेम्ब्रम ने कहा कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल्द जांच पूरी कर अदालत में मामले का निपटारा किया जाना चाहिए और आरोपित को अधिकतम सजा मिलनी चाहिए।

जिला तृणमूल नेता सुमन साहू और बिनपुर के विधायक प्रणत टुडू ने भी घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायत पाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया था और वह फिलहाल जेल में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय