home page

बारुईपुर में वकील पर हमले के विरोध में जलपाईगुड़ी में प्रदर्शन

 | 
बारुईपुर में वकील पर हमले के विरोध में जलपाईगुड़ी में प्रदर्शन


जलपाईगुड़ी, 24 सितंबर (हि. स.)। बारुईपुर अदालत परिसर में अधिवक्ता सायन बनर्जी पर हमले के विरोध में गुरुवार को जलपाईगुड़ी के वकीलों ने प्रदर्शन किया है। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) की जलपाईगुड़ी शाखा की ओर से जिला अदालत के मुख्य गेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने अदालत परिसर में वकीलों की सुरक्षा और कथित तौर पर शुरू हुई ‘अंडे फेंकने’ की संस्कृति के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ अब तक कड़ी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठाया। साथ ही आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

गौरतलब है कि पिछले मंगलवार को बारुईपुर अदालत परिसर में अधिवक्ता सायन बनर्जी को कथित तौर पर निशाना बनाकर ईंट और अंडे फेंके गए थे। घटना के बाद राज्य के वकीलों के बीच अदालत परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। इस मामले को लेकर अधिवक्ता विकासरंजन भट्टाचार्य और शुभंकर नाग ने भी कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का ध्यान अदालत परिसर में वकीलों की सुरक्षा की ओर आकर्षित किया था। हाई कोर्ट की पीठ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए बारुईपुर पुलिस और जिला जज से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार