home page

शादी से मुकरा दूल्हा पक्ष, कूचबिहार में दूल्हे के घर के सामने दुल्हन पक्ष का प्रदर्शन

 | 
शादी से मुकरा दूल्हा पक्ष, कूचबिहार में दूल्हे के घर के सामने दुल्हन पक्ष का प्रदर्शन


कूचबिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। शादी में महज पांच दिन शेष थे, लेकिन ऐन मौके पर दूल्हा पक्ष के शादी से इनकार करने का आरोप सामने आया है। इस घटना को लेकर शनिवार को कूचबिहार शहर के बाबू हाट संलग्न क्रिस्टन पाड़ा इलाके में जमकर हंगामा हुआ। दुल्हन पक्ष के परिजनों ने दूल्हे के घर के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची कोतवाली थाने की पुलिस ने दूल्हे के पिता को हिरासत में ले लिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्रिस्टन पाड़ा इलाके के एक युवक की शादी करीब एक साल पहले पिलखाना लंकाबर इलाके की एक युवती से तय हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तारीख निर्धारित की गई थी और तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थी। लेकिन आरोप है कि शादी की तारीख नजदीक आते ही दूल्हा पक्ष ने अचानक शादी से इनकार कर दिया।

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा पक्ष की ओर से दोबारा दहेज की मांग की गई थी। इस मांग को मानने से इनकार करने पर शादी तोड़ने का फैसला लिया गया। इतना ही नहीं, दुल्हन पक्ष की ओर से फर्नीचर देने की बात पर भी दूल्हा पक्ष ने आपत्ति जताई थी।

शादी से ठीक पहले इस तरह की स्थिति पैदा होने से दुल्हन पक्ष के परिजन परेशान हो गए। शनिवार को वे दूल्हे के घर पहुंचे और शादी तोड़ने का कारण जानना चाहा। हालांकि, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने घर के सामने ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूल्हे के पिता को हिरासत में लेकर थाने ले गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार