home page

श्रावणी मेले को लेकर तारकेश्वर में जनाक्रोश, विधायक संतु पान के खिलाफ भाजपा नेताओं का प्रदर्शन

 | 
श्रावणी मेले को लेकर तारकेश्वर में जनाक्रोश, विधायक संतु पान के खिलाफ भाजपा नेताओं का प्रदर्शन


हुगली, 23 जुलाई (हि. स.)। तारकेश्वर में श्रावणी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जनता का आक्रोश खुलकर सामने आया है। इस विवाद के केंद्र में स्थानीय भाजपा विधायक संतु पान की कार्यशैली और मेले के दौरान की गई व्यवस्थाओं को लेकर उनकी ही पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने तारकेश्वर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भाजपा के कई स्थानीय नेता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि श्रावणी मेले के नाम पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरत से ज्यादा सख्ती की जा रही है, जिससे कांवर यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि बैरिकेडिंग के कारण आम लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है। वहीं, मेले के दौरान रोज़गार करने वाले अनेक फेरीवालों और छोटे दुकानदारों को जबरन हटाया गया है, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई से गरीब लोगों के पेट पर लात मारी जा रही है।

इस आंदोलन में भाजपा के ही कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने सीधे तौर पर विधायक संतु पान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। इससे स्थानीय स्तर पर पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया है।

इधर, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर हेलीकॉप्टर बाबा नाम से एक अभियान भी चर्चा में है। आलोचकों का दावा है कि यह नाम कथित तौर पर विधायक संतु पान की ओर इशारा करता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय