तृणमूल के पूर्व विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, अंडे फेंकने का आरोप
उत्तर दिनाजपुर, 15 सितंबर (हि. स.)। लंबे समय बाद अपने इलाके में पहुंचे उत्तर दिनाजपुर के करणदिघी के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक गौतम पाल को मंगलवार को कथित तौर पर लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। करणदिघी बीडीओ कार्यालय परिसर में महिलाओं के एक समूह ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें घेरकर नारेबाजी करने के साथ उनकी ओर अंडे फेंके जाने का भी आरोप है।
बताया गया है कि मंगलवार दोपहर पूर्व विधायक अचानक करणदिघी बीडीओ कार्यालय पहुंचे। उन्हें देखते ही वहां मौजूद कुछ महिलाएं नाराज हो गई और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान कथित तौर पर उनकी ओर अंडे फेंके गए। स्थिति बिगड़ती देख पूर्व विधायक वहां से निकलने की कोशिश करते नजर आए। घटना की सूचना पाकर करणदिघी थाने की पुलिस और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
रायगंज पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. सोनावाने कुलदीप सुरेश ने बताया कि पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक गौतम पाल के खिलाफ पहले से कई गंभीर आरोप लगाए जाते रहे हैं। इनमें अल्पसंख्यक विभाग के कथित करोड़ों रुपये के गबन, तत्कालीन आईसी सौमजीत राय के साथ मारपीट, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने, कथित वसूली और दुर्गा पूजा के नाम पर कारोबारियों से पैसे लेने जैसे आरोप शामिल हैं।इसके अलावा पथश्री समेत विभिन्न सरकारी परियोजनाओं में काम पूरा किए बिना ठेकेदारों को कथित तौर पर भुगतान दिलाने और अवैध शराब, बालू तथा बिहार में कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रतिबंधित कफ सिरप की बांग्लादेश में कथित तस्करी से जुड़े आरोप भी सामने आए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

