जिराट कॉलेज में नशामुक्त समाज निर्माण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, मंत्री सुमना सरकार रहीं मौजूद
हुगली, 03 अगस्त (हि. स.)। जिले के जिराट कॉलेज में ‘नशामुक्त समाज निर्माण’ के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत के प्रधानमंत्री ने नशामुक्त भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने और विशेष रूप से युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
जिराट कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जागरूकता संदेश दिया गया। वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुमना सरकार ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए सभी के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

