कुल्टी के रामपुर चेकपोस्ट स्थित एमवीआइ कार्यालय का परिवहन विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने किया निरीक्षण
पश्चिम बर्दवान, 12 सितंबर (हि. स.)। कुल्टी थाना क्षेत्र के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रामपुर मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआइ) कार्यालय का शनिवार को राज्य परिवहन विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रविंदर सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों के साथ आवश्यक चर्चा की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी चेकपोस्ट पर एक मालवाहक ट्रक को कथित रूप से अवैध तरीके से रोककर चालक पर रिश्वत देने का दबाव बनाने और राज्य सरकार द्वारा समाप्त किए जा चुके एक टैक्स के नाम पर 22 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगा था। शिकायत के बाद परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को निलंबित/बर्खास्त किया और मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपी गई। बाद में दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में दो कथित दलालों की भी गिरफ्तारी हुई।
घटना के बाद राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने भी रामपुर चेकपोस्ट का दौरा कर अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ नियमानुसार काम करने का निर्देश दिया था।
हालांकि, इसके बाद रामपुर एमवीआइ कार्यालय से नियमित वाहन जांच और सड़क पर वाहनों की चेकिंग में कमी आने की बात सामने आई। इसके चलते सरकारी राजस्व में भी कमी होने की चर्चा है। बताया जाता है कि इस कार्यालय से नियमित रूप से बड़ी राशि सरकारी कोष में जमा होती थी।
शनिवार को निरीक्षण के बाद प्रिंसिपल सेक्रेटरी रविंदर सिंह ने इसे रूटीन निरीक्षण बताया। उन्होंने वाहन चेकिंग में कमी और उससे जुड़े राजस्व घाटे के मुद्दे पर अधिकारियों से चर्चा होने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

