home page

सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर ट्रैफिक में बदलाव

 | 

सिलीगुड़ी, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिलीगुड़ी में रविवार को कावाखाली मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से पहले शनिवार को शहर में एक भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो प्रधानमंत्री की पहल पर ही रखा गया है।

प्रधानमंत्री के रोड शो को देखते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हर प्रमुख चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक प्रमुख सड़कों पर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि जाम से बचा जा सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कूचबिहार (कुशमंडी) की सभा समाप्त करने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सुकना के पास स्थित टी रिसॉर्ट जाने के दौरान बिहार मोड़ से स्टेशन मोड़ तक सड़क मार्ग पर वे आम लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे।

माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने बताया कि इस रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की तैयारी है। प्रधानमंत्री का काफिला इस दौरान बेहद धीमी गति से चलेगा ताकि लोग उन्हें नजदीक से देख सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार