home page

रथयात्रा की तैयारियां शुरू, 16 जुलाई को निकलेगा भव्य रथ

 | 
रथयात्रा की तैयारियां शुरू, 16 जुलाई को निकलेगा भव्य रथ


सिलीगुड़ी, 14 जून (हि. स.)। आगामी 16 जुलाई को होने वाली जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर सिलीगुड़ी स्थित इस्कॉन मंदिर में तैयारियां शुरू हो गई है। रविवार को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और मंगलाचरण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

इस अवसर पर बांग्लादेश से आए भक्तिविनय स्वामी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अखिल आत्मा प्रिय प्रभु समेत कई भक्त और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। भक्ति गीत, हरिनाम संकीर्तन और विशेष आरती के जरिए भगवान की पूजा की गई।

इस्कॉन से जुड़े नामकृष्ण दास प्रभु ने बताया कि रथयात्रा को लेकर रथ निर्माण और सजावट का कार्य शुरू हो चुका है। लकड़ी से बने विशाल रथ को रंग, रोशनी और अन्य आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।रथयात्रा के दिन भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा का रथ सिलीगुड़ी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।

इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार