home page

डुआर्स में नए मूर्ति पुल के उद्घाटन की तैयारी तेज, 22 सितंबर को मुख्यमंत्री के आने की संभावना

 | 
डुआर्स में नए मूर्ति पुल के उद्घाटन की तैयारी तेज, 22 सितंबर को मुख्यमंत्री के आने की संभावना


जलपाईगुड़ी, 17 सितंबर (हि. स.)। डुआर्स में नए मूर्ति पुल के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। लंबे इंतजार के बाद मूर्ति नदी पर नवनिर्मित बैली पुल तैयार हो चुका है। नए पुल के शुरू होने से डुआर्स क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और पर्यटन को भी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि 22 सितंबर को इसके उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के आने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अभी तक कोई अंतिम प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। संभावित दौरे को लेकर गुरुवार से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

जलपाईगुड़ी की जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी ने चालसा के टियाबन इलाके स्थित हेलीपैड ग्राउंड से लेकर नवनिर्मित मूर्ति पुल तक का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे इलाके का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान माल महकमा पुलिस अधिकारी सुदीप्त सरकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीनिवास एमपी, मटियाली ब्लॉक के बीडीओ सुमंत भौमिक और मेटेली थाने के आईसी मिंगमा लेपचा समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, राज्य के लोक निर्माण एवं सड़क विभाग की पहल पर मूर्ति नदी के ऊपर नए बैली पुल का निर्माण काफी पहले पूरा हो चुका है। पूजा से पहले पुल का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ होमस्टे और रिसॉर्ट कारोबारियों में भी खुशी का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार