बिजली बिल विवाद पर ग्रामीणों ने किया जोरदार घेराव प्रदर्शन
पश्चिम मेदिनीपुर, 02 जुलाई (हि. स.)। जिले के खड़गपुर-दो ब्लॉक अंतर्गत पपरआड़ा-दो ग्राम पंचायत के मांगलई गांव में गुरुवार दोपहर को बिजली बिल में कथित अनियमितता को लेकर भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को घेरकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उनके घरों में भारी बकाया राशि जोड़कर बिल भेजे जा रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मांगलई गांव के कई परिवारों को पिछले कुछ समय से बिजली बिल के साथ अतिरिक्त ‘आउटस्टैंडिंग अमाउंट’ दिखाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे निर्धारित समय पर हर महीने बिजली बिल का भुगतान करते रहे हैं, इसके बावजूद अचानक हजारों रुपये की बकाया राशि जोड़ दिया जाना समझ से परे है।
बताया गया है कि गुरुवार को जब बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी क्षेत्र में पहुंचे, तब ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर एकत्र हुए और विभागीय टीम का घेराव कर विरोध जताना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे मेहनत-मजदूरी कर समय पर बिजली बिल जमा करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके बिलों में फर्जी तरीके से भारी बकाया राशि जोड़ दी गई है। ग्रामीणों ने कहा कि जब मौके पर मौजूद अधिकारियों से इसका कारण पूछा गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
बिजली विभाग के सूत्रों ने बताया कि तकनीकी त्रुटि अथवा पूर्व के किसी समायोजन के कारण बिल में विसंगति हो सकती है। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि उपभोक्ता कार्यालय पहुंचकर अपने बिल की जांच करा सकते हैं और यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे जल्द ठीक किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

