आलू की फसल खराब होने पर किसान ने की आत्महत्या
मालदा, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में मंगलवार को एक आलू किसान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि फसल के भारी नुकसान और कर्ज के दबाव से परेशान होकर किसान ने कीटनाशक खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 60 वर्षीय किसान की लगभग पांच बीघा जमीन पर लगी आलू की फसल हालिया बारिश में पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। इससे वह गहरे आर्थिक संकट में आ गया। ऊपर से महाजन का कर्ज चुकाने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे किसान मानसिक रूप से बेहद तनाव में था।
परिजनों का आरोप है कि इसी अवसाद और आर्थिक तंगी के कारण उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इसको लेकर चिंता जताई जा रही है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर किसानों की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। फसल नुकसान, बाजार में उचित मूल्य की कमी और कर्ज के बोझ जैसी समस्याएं लगातार किसानों पर दबाव बना रही हैं।
राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है, जहां विपक्ष ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। वहीं, सत्तारूढ़ पक्ष ने जांच के बाद आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

