फलता में मतदान के बाद हिंसा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप, सड़क जाम कर विरोध
दक्षिण 24 परगना, 01 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में मतदान के बाद एक बार फिर तनाव बढ़ गया। हाशिमनगर इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट के आरोप को लेकर शुक्रवार को स्थिति गर्मा गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पर्यवेक्षक आईपीएस अजयपाल शर्मा मौके पर पहुंचे। वहीं भाजपा उम्मीदवार देबांशु पंडा और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान भी घटनास्थल पर पहुंचे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल के पंचायत प्रधान पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए 117 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय भाजपा समर्थकों का आरोप है कि उन्हें मतदान नहीं करने दिया गया और विरोध करने पर पंचायत प्रधान के नेतृत्व में कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फलता थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम खत्म कर दिया।
भाजपा ने इस घटना को लेकर पुनर्मतदान की मांग की है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष इसराफिल सरदार ने कहा कि इस घटना से तृणमूल का कोई संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि दूसरे चरण के मतदान के बाद से ही फलता क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, जिन 77 बूथों पर पुनर्मतदान की मांग की गई है, उनमें से 32 बूथ फलता विधानसभा क्षेत्र के हैं। यह क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व अभिषेक बनर्जी करते हैं।
फिलहाल पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

