साढ़े तीन साल की बच्ची से यौन शोषण के आरोप में अधेड़ गिरफ्तार, अदालत में पेश
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिलांतर्गत दत्तपुकुर में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अर्जुन सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपित की उम्र 40 वर्ष के आसपास है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित दत्तपुकुर में अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान वह बच्ची को पड़ोस के एक मकान की छत पर ले गया और उसके साथ यौन शोषण किया। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार को इसका खुलासा होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का परिवार पिछले तीन महीने से दत्तपुकुर थाना क्षेत्र के नीलगंज पुलिस चौकी अंतर्गत सुभाषनगर में किराये के मकान में रह रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे घटना की शिकायत दर्ज कराने नीलगंज पुलिस चौकी पहुंचे थे, लेकिन शुरुआत में पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। बाद में आरोपित के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, 2012 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। शनिवार को उसे बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की जांच के लिए उसकी हिरासत की मांग की।
इधर, बच्ची को शारीरिक जांच के लिए बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पीड़िता के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में महिला चिकित्सक की उपलब्धता नहीं होने के कारण मेडिकल जांच में कई घंटे की देरी हुई। उनका कहना है कि उस समय अस्पताल में केवल एक महिला चिकित्सक उपलब्ध थीं और वह भी व्यस्त थीं।
मेडिकल जांच में देरी को लेकर अस्पताल परिसर में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बाद में स्थिति को नियंत्रित किया गया। पीड़िता के परिवार ने आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

