सरकारी विज्ञापन पर सवाल उठाने पर मतदान कर्मी की पिटाई
नदिया, 27 मार्च (हि. स.)। प्रशिक्षण के दौरान एक मतदान कर्मी पर कथित हमले की घटना से नदिया जिले के रानाघाट में शुक्रवार को तनाव फैल गया। आरोप है कि प्रशिक्षणस्थल पर मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले सरकारी विज्ञापन को लेकर सवाल उठाने पर एक शिक्षक की पिटाई की गई। घायल शिक्षक का नाम सैकत चटर्जी बताया गया है। घटना रानाघाट इंस्टीट्यूशन फॉर बॉयज स्कूल में हुई। इसके विरोध में मतदान कर्मियों ने प्रशिक्षण का बहिष्कार करने का आह्वान किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण केंद्र में एक सरकारी विज्ञापन विशाल स्क्रीन पर दिखाया जा रहा था। इसी दौरान इस मुद्दे को लेकर आपत्ति जताने पर एक मतदान कर्मी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद प्रशिक्षण में आए अन्य मतदान कर्मियों ने प्रशिक्षण रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया गया है कि शुक्रवार को उक्त स्कूल में विधानसभा चुनाव के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले प्रोजेक्टर पर मुख्यमंत्री का एक सरकारी विज्ञापन दिखाया गया। इसे लेकर प्रशिक्षण में मौजूद मतदान कर्मी सैकत चटर्जी ने विरोध जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी सरकारी विज्ञापन क्यों दिखाया जा रहा है। इस विरोध में उनके कुछ अन्य सहकर्मी भी शामिल हो गए।
घटना के संबंध में नदिया के जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

