नाबालिग की संदिग्ध मौत पर भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सिलीगुड़ी, 25 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। घटना के 48 घंटे बीतने के बावजूद अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से विपक्ष ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए है।
भाजपा नेता और सिलीगुड़ी के उम्मीदवार शंकर घोष इस मुद्दे को लेकर धरना पर बैठे हुए है।
उन्होंने धरना के दूसरे दिन बुधवार को आरोप लगाया कि इस मामले में देरी से साफ संकेत मिलता है कि आरोपितों को किसी प्रभावशाली राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
शंकर घोष ने कहा कि अगर तय समय सीमा के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से ‘जस्टिस फॉर’ अभियान में शामिल होने की अपील की है।
इस बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी उन्होंने निशाना साधा है।
आरोप है कि चुनावी व्यस्तता के बीच उन्होंने इस गंभीर घटना पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
घटना के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल है और लोगों के बीच न्याय की मांग तेज होती जा रही है। प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि जल्द से जल्द आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

