गोघाट में तृणमूल की बढ़ी मुश्किलें, वरिष्ठ नेता के बयान से सियासी हलचल
हुगली, 08 मई (हि. स.)। गोघाट में तृणमूल कांग्रेस के भीतर असहजता का माहौल बन गया है। वरिष्ठ नेता मनोरंजन पाल के हालिया बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक बयान वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने पार्टी की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताई है।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने युवावस्था से लेकर अब तक पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम किया, लेकिन आज कुछ स्वार्थी और पदलोभी लोगों की वजह से पार्टी की स्थिति खराब हो गई है।
तृणमूल के वरिष्ठ नेता मनोरंजन पाल लंबे समय तक गोघाट तृणमूल के अध्यक्ष और गोघाट नंबर पंचायत समिति के प्रमुख रह चुके है। उन्हें इलाके में पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक माना जाता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। उनके मुताबिक, “आजकल के सोशल मीडिया वाले नेता (यूट्यूब-फेसबुक) अनुभवी नेताओं का सम्मान नहीं करते, जिसकी वजह से यह स्थिति बनी है। इस बयान के सामने आते ही गोघाट के राजनीतिक माहौल में हलचल मच गई है।“
विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर तृणमूल पर निशाना साध रहे हैं, जबकि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बयान के बाद गोघाट में तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी हालात को लेकर नए सवाल खड़े हो गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

