मतदान नहीं कर पाए वोटकर्मी, मुर्शिदाबाद जिलाधिकारी कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
बहरमपुर, 20 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में लाइन में होने के बावजूद मतदान नहीं कर पाने पर सोमवार को वोटकर्मियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। घटना मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत बहरमपुर इलाके की है। आरोप है कि इसके पहले भी प्रशिक्षण के समय मतदान नहीं कर पाए थे।
सूत्रों के अनुसार, चार दिन पहले बहरमपुर के इन वोटिंगकर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन था। प्रशिक्षण के बाद उन्हें वोट देना था लेकिन वे वोट नहीं दे पाए। उसके बाद, वे लगातार चार दिन तक वोट देने के लिए जाते रहे। सोमवार सुबह भी वे सभी कृष्णनाथ कॉलेजिएट स्कूल पहुंचे और लाइन में खड़े रहे। लेकिन काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के बाद उन्हें पता चला कि उन्हें अपने ही महकमे में वोट देना है। इसके बाद पोलिंग कर्मचारियों में गुस्सा भड़क गया। विरोध में वे बरहमपुर में मुर्शिदाबाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे पहले से तय नियमों के हिसाब से वोट डालना चाहते थे। लेकिन वोटिंग के दौरान चार दिन तक परेशानी झेलने के बाद उन्हें पता चला कि उन्हें अपने ही महकमे में वोट डालना है। प्रदर्शन की खबर मिलने पर बरहमपुर से भाजपा उम्मीदवार सुब्रत मैत्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पोलिंग कर्मचारी खुद चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकते, तो इस वोट की क्या कीमत है?
इस बारे में सुब्रत मैत्र ने कहा कि वोटकर्मियों का मतदान न कर पाना बेहद दुःखजनक है, यह चुनाव आयोग की विफलता है। उन्होंने कहा कि मामले पर चुनाव आयोग को विचार करना चाहिए।
गौरतलब है कि, कुछ दिन पहले मुर्शिदाबाद के लालबाग में पोलिंग कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम और उनके वोटिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

