home page

बांसद्रोणी थाने के बैरक में पुलिसकर्मी का फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
बांसद्रोणी थाने के बैरक में पुलिसकर्मी का फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। महानगर कोलकाता के बांसद्रोणी थाने के बैरक में गुरुवार सुबह एक पुलिसकर्मी का फंदे से लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संजय हलदर (40) के रूप में हुई है। वह बांसद्रोणी थाने में पुलिस वाहन चालक के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय बुधवार रात थाना परिसर स्थित बैरक के एक हिस्से में अकेले थे। गुरुवार सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो उन्हें फंदे से लटकता हुआ पाया। इसकी सूचना थाने के अधिकारियों को दी गई। सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बताया गया है कि संजय हलदर के रहने की व्यवस्था भी थाने के बैरक में ही थी। कार्यस्थल के भीतर इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है।

अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से पहले उनकी गतिविधियों और बैरक में रात के दौरान की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता