सरसुना कांड : प्रेम प्रसंग में सजा देने वाले आरोपियों को पुलिस ने कमर में रस्सी बांधकर सड़क पर घुमाया
कोलकाता, 27 अक्टूबर (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के सरसुना (बेहाला) इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक, उसके पिता और दोस्त को निर्वस्त्र कर पीटने और सड़कों पर घुमाने वाले आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण किया। सरसुना थाने की पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों को कमर में रस्सी बांधकर और नंगे बदन (बिना शर्ट के) उन्हीं सड़कों पर घुमाया, जहां उन्होंने पीड़ितों को सरेआम जलील किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमानवीय प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किए गए इन तीन आरोपितों को निचली अदालत ने 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस रिमांड में लेने के बाद उनसे सघन पूछताछ की गई और फिर मंगलवार को घटना के नाट्य रूपांतरण के लिए उन्हें इलाके में लाया गया।
पुलिस आरोपितों को उस घर में ले गई जहां तीनों पीड़ितों के साथ क्रूर मारपीट की गई थी, और बाद में उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हीं रास्तों पर पैदल चलाया गया जहां पीड़ितों को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था।
गौरतलब है कि लक्ष्मी पूजा की रात पीड़ित युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। इसी दौरान नाबालिग लड़की के मामा के एक दोस्त ने दोनों को एक साथ देख लिया और इसकी सूचना लड़की के पिता व मामा को दे दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपितों ने पहले युवक और उसके 19 वर्षीय दोस्त को बंधक बना लिया। बाद में जब प्रेमी युवक के पिता को वहां बुलाया गया, तो उन तीनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अमानवीय तरीके से उन्हें निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाया गया।
इस 'तालिबानी' सजा के तहत रविवार रात करीब आठ बजे जब तीनों पीड़ितों को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया गया था, तो सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। मंगलवार को जब पुलिस आरोपितों को उसी सड़क पर कमर में रस्सी बांधकर ले जा रही थी, तब भी बिल्कुल वैसा ही नजारा देखने को मिला और सड़क के दोनों ओर स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

