पुलिस ने बरामद किए 42 गुम और चोरी हुए मोबाइल, मालिकों को लौटाए
सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (हि. स.)। माटीगाड़ा पुलिस ने चोरी और गुम हुए 42 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय से अपना मोबाइल वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को जब उनका फोन मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
दरअसल, माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की कई शिकायतें मिली थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी माध्यमों और अन्य स्तर पर जांच शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को 42 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी 42 मोबाइल फोन बुधवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने पर लोगों ने माटीगाड़ा थाना पुलिस का आभार जताया है।
पुलिस का कहना है कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायत मिलने के बाद उन्हें बरामद करने के लिए लगातार तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से प्रयास किया जाता है। बरामद होने के बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

