स्टेशन पर छूटा कीमती सामान से भरा बैग, पुलिस ने महिला को सुरक्षित लौटाया
खड़गपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। दीघा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय एक महिला का कीमती सामान से भरा बैग छूट गया। रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग बरामद कर महिला को सुरक्षित लौटा दिया। बैग में सोने के आभूषण सहित कई कीमती सामान रखे हुए थे।
खड़गपुर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ओर से शनिवार सुबह प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जारी जानकारी अनुसार, गुरुवार सुबह सूचना मिली कि पिंकी मंडल नामक महिला दीघा रेलवे स्टेशन पर अप तमलुक एक्सप्रेस से उतरते समय गलती से अपना भूरे रंग का हैंडबैग ट्रेन में छोड़ गई हैं। बैग में कई कीमती सामान मौजूद थे।
सूचना मिलने के बाद उलूबेड़िया राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपीएस) की सुबह की प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने डाउन तमलुक एक्सप्रेस की तलाशी ली। इस दौरान ट्रेन के डी-5 कोच से महिला का छूटा हुआ बैग बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पिंकी मंडल उलूबेड़िया जीआरपी थाने पहुंचीं और अपने सामान की पहचान की। आवश्यक जांच और सत्यापन के बाद पुलिस ने उन्हें बैग सौंप दिया। बैग में सोने की दो अंगूठियां, सोने की एक चेन, एक एटीएम कार्ड, एक रेडमी मोबाइल फोन और एक स्मार्टवॉच सुरक्षित मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

