home page

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला मामला : तूफानगंज समेत कई पंचायतों में पुलिस की छापेमारी

 | 
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला मामला : तूफानगंज समेत कई पंचायतों में पुलिस की छापेमारी


कूचबिहार, 23 जुलाई (हि.स.)। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों को लेकर तूफानगंज के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। गुरुवार सुबह तूफानगंज-2 ब्लॉक के महिषकुची-1 नंबर ग्राम पंचायत कार्यालय में बॉक्सीरहाट थाने की पुलिस ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पंचायत कार्यालय से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े रजिस्टर और दस्तावेजों की गहन जांच की गई और कई फाइलें जब्त कर ली गई।

बताया जा रहा है कि तूफानगंज-2 ब्लॉक के कुल 11 ग्राम पंचायतों में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, गृह विभाग के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। पुलिस को सहयोग देने के लिए बीडीओ कार्यालय को भी पहले ही पत्र भेजा गया था।

इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चार नंबर मंडल के महासचिव तपन सिकदार ने आरोप लगाया कि पूर्व तृणमूल सरकार के समय फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। यहां तक कि पैसे के बदले बांग्लादेशी घुसपैठियों को भी जन्म प्रमाण पत्र दिए जाने के आरोप सामने आए थे। इसी को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि यह अभियान सिर्फ तूफानगंज तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के अन्य ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में भी इसी तरह की कार्रवाई चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार