जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट घोटाले पर बड़ा एक्शन : सिलीगुड़ी महकमे के पंचायत और अस्पताल में पुलिस की छापेमारी
सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (हि. स.)। राज्यभर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाले की जांच को लेकर पुलिस ने सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी में बड़ा अभियान चलाया है। गुरुवार को सरकारी निर्देश पर खोरीबाड़ी ब्लॉक के कई ग्राम पंचायतों और ग्रामीण अस्पताल में छापेमारी कर जन्म-मृत्यु से जुड़े सभी दस्तावेज और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए गए। इस कार्रवाई के बाद पूरे सिलीगुड़ी महकमे में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में खोरीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में मात्र तीन महीनों के भीतर करीब 844 फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जाने का खुलासा हुआ था।
जांच में सामने आया था कि यह फर्जीवाड़ा सिर्फ खोरीबाड़ी तक सीमित नहीं था, बल्कि फांसीदेवा, नक्सलबाड़ी और बागडोगरा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हुआ था। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डेटा एंट्री ऑपरेटर और दलालों समेत करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में सभी को जमानत मिल गई।
नई सरकार के सत्ता में आने के बाद इस मामले की जांच फिर से तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में खोरीबाड़ी, रानीगंज, बुड़ागंज और बिन्नाबाड़ी ग्राम पंचायतों के साथ-साथ खोरीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में पुलिस ने सीधे पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों के मुताबिक, डायरेक्टर ऑफ हेल्थ सर्विसेज के मुख्य जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। वहीं, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि वे सरकारी निर्देश के तहत सहयोग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के पीछे की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

