फरार तृणमूल नेता कृष्ण दास के घर पुलिस की छापेमारी, हथियार ओर कई गाड़ियां जब्त
जलपाईगुड़ी, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता पर हमले से संबंधित मामले में फरार चल रहे तृणमूल कांग्रेस नेता कृष्ण दास के घर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान घर से कई धारदार हथियार बरामद किए गए और कई गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पांच मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के अगले दिन बारोपेटिया इलाके में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप कृष्ण दास और उनके समर्थकों पर लगा था। कहा जा रहा है कि चुनावी हार का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही कृष्ण दास के कई करीबी लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार रात को गिरफ्तार आरोपितों को साथ लेकर कोतवाली थाने की पुलिस ने कृष्ण दास के घर पर छापा मारा। इस दौरान केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए जाने वाले कई धारदार हथियार बरामद किए और घर में मौजूद कई गाड़ियों को जब्त किया। फिलहाल फरार कृष्ण दास की तलाश जारी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

