जन्म और मृत्यु सर्टिफिकेट मामले में बड़ा एक्शन : सिलीगुड़ी नगर निगम में पुलिस की छापेमारी
सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (हि. स.)। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच के तहत गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में पुलिस ने छापेमारी की है। पुलिस की टीम निगम कार्यालय पहुंचकर विभिन्न दस्तावेजों की जांच में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान रिकॉर्ड रूम में भी तलाशी ली गई है और जरूरत पड़ने पर इसे सील कर कई वर्षों के दस्तावेजों का विस्तृत ऑडिट किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि जन्म और मृत्यु से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे है। जांचकर्ता पुराने रजिस्टर, आवेदन पत्र और पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं फर्जी दस्तावेज, गलत पंजीकरण या नियमों के खिलाफ प्रमाणपत्र जारी तो नहीं किए गए। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
दरअसल, राज्य में मतदाता सूची के विशेष संशोधन (एसआइआर) प्रक्रिया के दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को लेकर कई अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। उसी के आधार पर विभिन्न जिलों में नगर निकायों और पंचायत कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच चल रही है, और सिलीगुड़ी में यह कार्रवाई उसी का हिस्सा मानी जा रही है।
इस मुद्दे पर सिलीगुड़ी नगर निगम के पूर्व विपक्ष नेता अमित जैन ने कहा कि पुलिस के पास जरूर कोई ठोस जानकारी या शिकायत आई होगी, तभी वे दस्तावेजों की जांच कर रहे है।
वहीं, पूर्व चेयरमैन प्रतुल चक्रवर्ती ने अपने कार्यकाल में किसी भी तरह की अनियमितता से इनकार किया है और कहा कि सभी प्रमाणपत्र नियमों के तहत ही जारी किए गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

