home page

मतदान के दौरान एक्शन मोड में दिखे यूपी के ‘सिंघम’ अजय पाल शर्मा

 | 
मतदान के दौरान एक्शन मोड में दिखे यूपी के ‘सिंघम’ अजय पाल शर्मा


कोलकाता, 29 अप्रैल (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में 11 नए पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इनमें सबसे ज्यादा 3 पर्यवेक्षक दक्षिण 24 परगना जिले में तैनात किए गए हैं। इनमें सबसे चर्चित नाम उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा का है, जिन्हें ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाता है।

राज्य में पुलिस पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी संभालने के बाद से अजय पाल शर्मा लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मंगलवार सुबह से उनका काफिला डायमंड हार्बर के विभिन्न इलाकों में घूम रहा है। उनके साथ बख्तरबंद वाहन और केंद्रीय बलों के जवान मौजूद हैं।

जानकारी के मुताबिक अजय पाल शर्मा 117 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते फलता, डायमंड हार्बर और मोगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में मतदान की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अब तक इन इलाकों में मतदान शांतिपूर्ण बताया जा रहा है।

इसके साथ ही केंद्रीय सुरक्षा बलों की ओर से लगातार रूट मार्च किया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का दावा है कि दक्षिण 24 परगना जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए हर संवेदनशील क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के डीआईजी अजय पाल शर्मा की पहचान ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के रूप में रही है। बंगाल चुनाव में उनकी तैनाती को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। तृणमूल कांग्रेस ने उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं और उन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

हाल ही में तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा ने अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सार्वजनिक किया था। आरोप है कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी जहांगीर खान के घर पहुंचकर धमकी दी थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा