home page

पुलिस के नाम पर लंबे समय से वसूली का आरोप, पेट्रापोल से दो गिरफ्तार

 | 

पश्चिम बर्दवान, 07 अगस्त (हि.स.)। पुलिस के नाम पर लंबे समय से कथित तौर पर रंगदारी वसूली करने के आरोप में पेट्रापोल सीमा बंदरगाह इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इस अवैध वसूली के पीछे एक पुलिसकर्मी की भी कथित भूमिका थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद उक्त पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजू देवनाथ और निमाई मंडल हैं। दोनों पेट्रापोल थाना क्षेत्र के जयंतीपुर और उत्तर छयघरिया इलाके के निवासी हैं। शुक्रवार को दोनों आरोपितों को बनगांव महकमा अदालत में पेश किया गया।

आरोप है कि दोनों लंबे समय से पेट्रापोल सीमा बंदरगाह क्षेत्र में पुलिस का नाम लेकर लोगों से वसूली कर रहे थे। पैसे नहीं देने पर कथित तौर पर धमकी भी दी जाती थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपितों का तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के साथ उठना-बैठना था। इसी राजनीतिक पहुंच का फायदा उठाकर वे कथित तौर पर पुलिस के नाम पर वसूली समेत कई गैरकानूनी गतिविधियां चला रहे थे।

यह भी आरोप है कि वसूली की रकम का एक हिस्सा तृणमूल नेताओं तक पहुंचता था। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया है कि इस पूरे मामले में एक पुलिसकर्मी पर भी आरोप लगा है। आरोप है कि उसी की मदद से वसूली का यह धंधा चल रहा था। मामला सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।

हाल ही में पेट्रापोल थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों आरोपित इलाके से फरार हो गए थे। गुरुवार रात दोनों के इलाके में लौटने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा