सडक जाम रोकने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ सक्रिय हुई पुलिस
आसनसोल , 27 मई (हि.स.)।
आसनसोल के बाद अब कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर बाजार में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।
नियामतपुर सब-ट्रैफिक गार्ड की ओर से अवैध और अनियमित पार्किंग के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। मंगलवार शाम ट्रैफिक पुलिस ने बाजार इलाके में माइकिंग कर लोगों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन खड़ा न करें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस का कहना है कि कई लोग बाजार में खरीदारी के दौरान सड़क किनारे या बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ट्रैफिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ चालान किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार, केवल नियामतपुर बाजार ही नहीं बल्कि ट्रैफिक गार्ड के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों को जाम मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। खासकर शाम के समय सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

