home page

पुलिस हिरासत में टीएमसी नेता की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप कांचरापाड़ा में तनाव,

 | 

कोलकाता, 08 अगस्त (हि.स.)।

कांचरापाड़ा में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान बिरजू कुमार केवट के रूप में हुई है। वह कांचरापाड़ा नगरपालिका के 24 नंबर वार्ड का निवासी बताया गया है। उनकी पत्नी जीने शर्मा केवट कांचरापाड़ा नगरपालिका के 30 नंबर वार्ड की पूर्व टीएमसी पार्षद रह चुकी हैं।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात हालीशहर थाना पुलिस ने एक मारपीट के मामले में बिरजू केवट को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाने के लॉकअप में रखा गया था। परिवार का दावा है कि उनकी पत्नी जब उनसे मिलने थाने पहुंची थीं, तब बिरजू की हालत सामान्य थी। लेकिन शनिवार सुबह अचानक परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस लॉकअप में बिरजू के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

टीएमसी नेता अमिन गुप्ता ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

हालांकि, पुलिस ने परिवार द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब चार बजे कस्टडी के दौरान बिरजू केवट अचानक बीमार होकर अचेत अवस्था में पाए गए। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इधर, हालीशहर थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हिरासत में युवक की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच की दिशा पर सभी की नजर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा