भाजपा नेता से विवाद के बाद थाने में शिकायत, पूर्व विधायक कौशिक राय के घर पहुंची पुलिस
जलपाईगुड़ी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मयनागुड़ी के पूर्व भाजपा विधायक कौशिक राय के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत की पड़ताल के लिए शनिवार को पुलिस उनके घर पहुंची। मामला भाजपा के दो नेताओं के बीच विवाद से जुड़ा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत 22 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन भाजपा के मयनागुड़ी उत्तर मंडल के महासचिव गोपाल सरकार और पूर्व विधायक कौशिक राय के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। इसके बाद गोपाल सरकार ने कौशिक राय के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच के लिए शनिवार को पुलिस की एक टीम पूर्व विधायक के आवास पर पहुंची। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों में से किसी ने भी मीडिया के सामने कोई टिप्पणी नहीं की है।
पूर्व विधायक कौशिक राय और भाजपा नेता गोपाल सरकार ने भी इस मामले पर कुछ कहने से परहेज किया।
घटना के बाद मयनागुड़ी के राजनीतिक हलकों में भाजपा के दोनों नेताओं के बीच विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

