home page

बिहार से भटककर बंगाल पहुंचे विक्षिप्त युवक को पुलिस ने परिवार को सौंपा

 | 
बिहार से भटककर बंगाल पहुंचे विक्षिप्त युवक को पुलिस ने परिवार को सौंपा


दक्षिण दिनाजपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले की बालुरघाट थाना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बिहार से भटककर पहुंचे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को उसके परिवार से सोमवार को मिला दिया। पुलिस की पांच दिनों की लगातार कोशिश के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान राकेश पांडे के रूप में हुई है। वह बिहार के गोपालगंज जिले के बनिया गांव का रहने वाला है। करीब तीन महीने पहले वह मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण घर से निकल गया था और तब से लापता था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।

हाल ही में राकेश बालुरघाट शहर की सड़कों पर भटकते हुए मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस उसे थाने लेकर आई। शुरुआत में वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। लगातार पूछताछ के दौरान उसने अपने गांव का नाम अस्पष्ट रूप से बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क किया।

तकनीक की मदद से वीडियो कॉल के जरिए युवक के परिवार से संपर्क स्थापित किया गया। परिजनों ने उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद सोमवार को उसका भाई दुर्गेश पांडे बालुरघाट पहुंचा। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने राकेश को उसके भाई के सौंप दिया।

अपने भाई को वापस पाकर भावुक हुए दुर्गेश पांडे ने कहा, हम तीन महीने से अपने भाई की तलाश कर रहे थे। बालुरघाट थाना पुलिस के फोन से हमें उम्मीद मिली और आज हमारा भाई वापस मिल गया। हम पुलिस के इस मानवीय प्रयास के लिए दिल से आभारी हैं।

बालुरघाट थाना पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार