home page

आसनसोल जुबली मोड़ और सेनराले रोड के होटलों का पुलिस-दमकल अधिकारियों ने लिया जायजा

 | 
आसनसोल जुबली मोड़ और सेनराले रोड के होटलों का पुलिस-दमकल अधिकारियों ने लिया जायजा


पश्चिम बर्दवान, 21 अगस्त (हि. स.)। तारापीठ और कोलकाता में हाल के दिनों में होटल में आग लगने की घटनाओं के बाद होटल और गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत जुबिली मोड़ तथा सेनराले रोड इलाके में स्थित विभिन्न होटलों में पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटलों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकासी मार्ग, सीढ़ियों, बिजली व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की। अधिकारियों ने यह भी देखा कि किसी आपात स्थिति में होटल में ठहरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है या नहीं।

अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में न की जाए। आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए जरूरी उपकरण चालू हालत में रखने, निकासी मार्ग को हमेशा खुला रखने तथा कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी देने पर विशेष जोर दिया गया।

तारापीठ और कोलकाता की घटनाओं ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति में आग पर तुरंत काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए होटल प्रबंधन पूरी तरह तैयार रहे।

होटल प्रबंधन को नियमों का पालन करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव करने तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने को कहा गया।

पुलिस और दमकल विभाग की इस संयुक्त जांच से होटल संचालकों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

अधिकारियों ने संकेत दिया कि लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

आसनसोल के जुबिली मोड़ और सेनराले रोड जैसे व्यस्त इलाकों में बड़ी संख्या में लोग होटलों में ठहरते हैं। ऐसे में प्रशासन की यह पहल न केवल होटल प्रबंधन बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा