कोलकाता पुलिस की परीक्षा देने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, एक दूसरे के नाम पर दे रहे थे परीक्षा
हुगली, 29 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने पहुंचे दो युवकों को चुंचुड़ा में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, एक युवक दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था, जबकि दूसरा मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निशिकांत विश्वास नामक युवक तालडांगा गड़बाटी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान उसके चेहरे और प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर का मिलान नहीं होने पर उसे पकड़ लिया गया।
वहीं, दूसरी घटना चुंचुड़ा के चकबाजार स्थित बीएड कॉलेज के परीक्षा केंद्र की है। यहां सुखेन घोष नामक युवक मोबाइल फोन लेकर परीक्षा देने पहुंचा था। जांच के दौरान उसे भी पकड़ लिया गया।
दोनों युवकों को चुंचुड़ा थाने ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, चुंचुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर कोलकाता पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इन केंद्रों पर कुल तीन हज़ार 750 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

