पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी और देह व्यापार गिरोह पर प्रहार
मेदिनीपुर, 06 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गत चार अगस्त को एक किट बरामद हुई थी। उसी किट के आधार पर घाटाल थाना और दासपुर थाना की दो टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी पहचान आशिष सिंह (राकेश) के रूप में हुई है। उसके पास से 9.738 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। आरोपित बरामद चांदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक उत्तर दे पाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दासपुर थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से नौ मवेशी भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में आंगार खान और शुकदेव नायक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा गिरोह है, जो पिछले तीन वर्षों से विभिन्न जिलों में सक्रिय है। गिरोह के सरगना सहित अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी। मवेशी तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में भी एक बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक, खड़गपुर तथा अनुमंडल पुलिस अधिकारी, खड़गपुर के नेतृत्व में टीम ने स्टिंग अभियान चलाकर गोल्डेन रिसॉर्ट होटल से होटल के मालिक सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। होटल का पंजीकरण रजिस्टर जब्त कर लिया गया है। वहां से मादक पदार्थ, मदिरा तथा बड़ी मात्रा में गर्भनिरोधक सामग्री भी बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से इस होटल में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी दिनों में जिले के सभी होटल संचालकों के साथ बैठक की जाएगी। होटलों के रजिस्टर की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वहां कौन आ रहा है, कौन जा रहा है तथा कोई व्यक्ति बिना पहचान पत्र के नहीं ठहर रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस मुख्यमंत्री द्वारा दिखाए गए मार्ग पर संगठित मानव तस्करी, यौन शोषण तथा महिला उत्पीड़न के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

